NHS सर्वाइकल स्क्रीनिंग प्रोग्राम – एचपीवी (HPV) सेल्फ-टेस्टिंग (Hindi)
प्रकाशित 24 अगस्त 2026
Applies to England
एचपीवी (HPV) सेल्फ-टेस्टिंग के बारे में
NHS कुछ महिलाओं और सर्विक्स (cervix) वाले लोगों को ह्यूमन पैपिलोमावायरस नामक वायरस – जिसे एचपीवी (HPV) भी कहा जाता है – की एक वैकल्पिक जाँच के रूप में एचपीवी (HPV) सेल्फ-टेस्टिंग की पेशकश करता है।
एचपीवी (HPV) एक आम वायरस है और आमतौर पर हानिरहित होता है, लेकिन कुछ ज़्यादा जोखिम वाली किस्में आपके सर्वाइकल कैंसर होने की संभावना को बढ़ा सकती हैं। आप एचपीवी (HPV) सेल्फ-टेस्ट एकांत में खुद कर सकती हैं।
आपको क्यों आमंत्रित किया गया है
आपको सर्वाइकल स्क्रीनिंग (जिसे पहले स्मीयर टेस्ट के रूप में जाना जाता था) के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन आप उसमें शामिल नहीं हुईं। एचपीवी (HPV) सेल्फ-टेस्टिंग आपको इसमें हिस्सा लेने का एक अन्य विकल्प देता है।
आप यह टेस्ट कर सकती हैं:
- अपने घर में या किसी एकांत जगह पर
- अपने अनुकूल समय पर
- बिना किसी अपॉइंटमेंट के।
किट में दिए गए निर्देश आपको बताएँगे कि यह टेस्ट कैसे करना है। यदि आपको किसी अतिरिक्त मदद की आवश्यकता है – उदाहरण के लिए, यदि आपको कोई शारीरिक या सीखने से संबंधित अक्षमता है – तो सहायता उपलब्ध है। आपको अपने सेल्फ-टेस्ट निमंत्रण में संपर्क विवरण मिलेंगे।
सर्वाइकल स्क्रीनिंग और एचपीवी (HPV) सेल्फ-टेस्टिंग में क्या अंतर है
सर्वाइकल स्क्रीनिंग खुद को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के सबसे अच्छे तरीकों में से एक है।
हमारे पास अभी तक यह दिखाने के लिए साक्ष्य नहीं हैं कि एचपीवी (HPV) सेल्फ-टेस्टिंग को अपनाना सर्वाइकल कैंसर को रोकने में उतना ही प्रभावी है जितना कि नियमित रूप से सर्वाइकल स्क्रीनिंग के लिए जाना। लेकिन अगर आपकी स्क्रीनिंग नहीं हुई है, तो सेल्फ-टेस्टिंग अगला सबसे अच्छा विकल्प है।
सर्वाइकल स्क्रीनिंग
- यह आपकी जीपी (GP) सर्जरी या यौन स्वास्थ्य क्लिनिक में होती है।
- एक नर्स या डॉक्टर आपके सर्विक्स से एक छोटा-सा सैंपल लेते हैं।
- ज़्यादा जोखिम वाली एचपीवी (HPV) के लिए सैंपल की जाँच की जाती है।
- यदि ज़्यादा जोखिम वाली एचपीवी (HPV) पाया जाता है, तो फिर सैंपल की कोशिकाओं में बदलावों के लिए जाँच की जाती है जो सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को बढ़ा सकते हैं।
- इन बदलावों का उपचार किया जा सकता है।
एचपीवी (HPV) सेल्फ-टेस्टिंग
- आप घर पर या किसी एकांत जगह पर अपना खुद का सैंपल लेती हैं।
- इस टेस्ट में सैंपल इकट्ठा करने के लिए आपकी योनि में कुछ सेंटीमीटर तक एक स्वैब (थोड़ा सा कॉटन बड जैसा) डालना शामिल होता है। किट में पूरे निर्देश दिए गए हैं।
- फिर आप सैंपल को डाक द्वारा वापस NHS को भेज देती हैं, जहाँ ज़्यादा जोखिम वाली एचपीवी (HPV) के लिए इसकी जाँच की जाती है।
- यदि ज़्यादा जोखिम वाली एचपीवी (HPV) पाया जाता है, तो आपको अपनी जीपी (GP) सर्जरी या यौन स्वास्थ्य क्लिनिक में सर्वाइकल स्क्रीनिंग अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए कहा जाएगा।
- एक नर्स या डॉक्टर आपके सर्विक्स से एक छोटा-सा सैंपल लेंगे जिसकी कोशिकाओं में बदलावों के लिए जाँच की जा सकती है जो सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को बढ़ा सकते हैं।
- इन बदलावों का उपचार किया जा सकता है।

सर्विक्स और योनि की स्थिति दिखाने वाला एक चित्र
सेल्फ-टेस्टिंग किट कैसे प्राप्त करें
NHS आपको एचपीवी (HPV) सेल्फ-टेस्टिंग में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित करेगा। आपका निमंत्रण NHS ऐप, एक टेक्स्ट मैसेज (एसएमएस (SMS)), एक ईमेल या पत्र के माध्यम से आ सकता है।
एक बार जब आपको अपना निमंत्रण मिल जाए, तो NHS ऐप में या अपने NHS ऑनलाइन अकाउंट के ज़रिए अपनी मुफ़्त किट ऑर्डर करने के निर्देशों का पालन करें। यदि आपके पास कोई अकाउंट नहीं है, तो आप एक बना सकती हैं। आपके निमंत्रण में किट ऑर्डर करने के अन्य तरीकों के बारे में भी जानकारी शामिल है।
अपने परिणाम कैसे प्राप्त करें
अपना सैंपल लेने के बाद, इसे तुरंत दिए गए लिफ़ाफ़े में वापस डाक से भेज दें। डाक मुफ़्त है।
आपको अपने परिणाम 14 दिनों के भीतर मिल जाने चाहिए और आप उन्हें NHS ऐप में या पत्र द्वारा प्राप्त करेंगी।
परिणाम आपको क्या बताएँगे
एचपीवी (HPV) नेगेटिव
आपके टेस्ट में ज़्यादा जोखिम वाली एचपीवी (HPV) नहीं पाया गया। यदि आप अभी भी योग्य हैं, तो आपको 5 वर्षों में फिर से सर्वाइकल स्क्रीनिंग के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
आपको भविष्य में भी एचपीवी (HPV) हो सकता है, इसलिए सर्वाइकल कैंसर के लक्षणों को जानना महत्वपूर्ण है। NHS वेबसाइट उनका वर्णन करती है: nhs.uk/conditions/cervical-cancer/symptoms/
एचपीवी (HPV) पॉज़िटिव
आपके टेस्ट में ज़्यादा जोखिम वाली एचपीवी (HPV) पाया गया। इसका यह मतलब नहीं है कि आपको सर्वाइकल कैंसर है। आपको अपनी जीपी (GP) सर्जरी या यौन स्वास्थ्य क्लिनिक में सर्वाइकल स्क्रीनिंग अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए कहा जाएगा ताकि एक सैंपल लिया जा सके और कोशिकाओं के बदलावों की जाँच की जा सके जो सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को बढ़ा सकते हैं।
एचपीवी (HPV) के बारे में nhs.uk/conditions/human-papilloma-virus-hpv/ पर अधिक जानकारी पाएँ
एचपीवी (HPV) परिणाम स्पष्ट नहीं है
यदि हम आपके एचपीवी (HPV) सेल्फ-टेस्ट से स्पष्ट परिणाम प्राप्त करने में सक्षम नहीं थे, तो आपसे इसे फिर से करने के लिए कहा जा सकता है। यह चिंता की कोई बात नहीं है और इसका यह मतलब नहीं है कि आपको कैंसर है।
यदि आप एचपीवी (HPV) सेल्फ-टेस्ट नहीं करना चाहती हैं तो क्या करें
आप अभी भी किसी भी समय सर्वाइकल स्क्रीनिंग अपॉइंटमेंट बुक कर सकती हैं – भले ही आपको महीनों या वर्षों पहले सर्वाइकल स्क्रीनिंग के लिए आमंत्रित किया गया हो।
यदि आपकी रूटीन सर्वाइकल स्क्रीनिंग आपके 60वें जन्मदिन के दिन या उसके बाद देय है और आप उसमें शामिल नहीं होती हैं, तो आपको इस बात की पुष्टि मिलेगी कि आपको अब रूटीन निमंत्रण नहीं मिलेंगे। आपको एचपीवी (HPV) सेल्फ-टेस्टिंग किट का अनुरोध करने के लिए एक निमंत्रण मिल सकता है।
nhs.uk/cervicalscreening/ पर अधिक जानकारी पाएँ
यदि आपको एचपीवी (HPV) वैक्सीन लग चुकी है
यह वैक्सीन सभी एचपीवी (HPV) किस्मों से बचाव नहीं करती है। भले ही आपको एचपीवी (HPV) वैक्सीन लग चुकी हो, फिर भी आपको सर्वाइकल स्क्रीनिंग अपॉइंटमेंट के लिए जाना चाहिए या, यदि आमंत्रित किया गया हो, तो एचपीवी (HPV) सेल्फ-टेस्ट करना चाहिए।
यदि आप 25 वर्ष से कम आयु की हैं और 12 या 13 वर्ष की उम्र में अपनी एचपीवी (HPV) वैक्सीन से चूक गई थीं, तो वैक्सीन लगवाने के लिए अपनी जीपी (GP) सर्जरी से संपर्क करें।
हम आपकी जानकारी का कैसे उपयोग करते हैं
हम आपको सही समय पर आमंत्रित करने और स्क्रीनिंग प्रोग्राम को बेहतर बनाने के लिए आपके NHS रिकॉर्ड का उपयोग करते हैं।
NHS स्क्रीनिंग में रोगी की गोपनीयता (पेशेंट कॉन्फिडेंशियलिटी इन NHS स्क्रीनिंग) पर इस बारे में अधिक पढ़ें कि हम आपकी जानकारी का कैसे उपयोग और सुरक्षा करते हैं।
NHS स्क्रीनिंग प्रोग्राम्स से बाहर निकलना (ऑप्टिंग आउट ऑफ NHS स्क्रीनिंग प्रोग्राम्स) के बारे में अधिक पढ़ें।
अन्य वर्ज़न
यह जानकारी अन्य भाषाओं और इज़ी-रीड फॉर्मेट में उपलब्ध है:
- 0300 311 22 33 पर कॉल करें
- england.contactus@nhs.net पर ईमेल करें
कृपया कॉल या ईमेल करते समय हमें अपना रेफ़रेंस नंबर दें। आप इसे अपने निमंत्रण में पा सकती हैं।