प्रेस विज्ञप्ति

प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2017 ब्रिटेन-भारत संस्कृति वर्ष की घोषणा

प्रधानमंत्री द्वारा ब्रिटेन और भारत के बीच सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित करने के लिए एक वर्ष तक चलने वाले कार्यक्रमों की घोषणा की गई है।

  • भारत के साथ ब्रिटेन के सांस्कृतिक संबंधों का उत्सव मनाने के लिए वर्ष-भर चलने वाले कार्यक्रम
  • प्रतिष्ठित ग्रंथ- शेक्सपीयर का फर्स्ट फोलियो तथा मैग्ना कार्टा का भारत भ्रमण तथा ब्रिटिश लाइब्रेरी दक्षिण एशिया अभिलेखागार को डिजिटल करना
  • प्रतिष्ठित ग्रंथ- शेक्सपीयर का फर्स्ट फोलियो तथा मैग्ना कार्टा का भारत भ्रमण तथा ब्रिटिश लाइब्रेरी दक्षिण एशिया अभिलेखागार को डिजिटल करना

प्रधानमंत्री द्वारा भारत की स्वतंत्रता की 70 वीं वर्षगांठ तथा ब्रिटेन के साथ सांस्कृतिक संबंधों का उत्सव मनाने के लिए एक वर्ष तक चलने वाले कार्यक्रमों की घोषणा की गई।

संस्कृति वर्ष 2017 में दोनों देशों के वैविध्यपूर्ण सांस्कृतिक अतीत का उत्सव मनाने के लिए समारोहों की एक रोमांचक श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा।

श्रेष्ठ ब्रिटिश संस्थाएं अपने भारतीय समकक्षों के साथ दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक तथा आर्थिक संबंधों को सुदृढ़ करने के लिए सहयोग करेंगी, तथा वैश्विक मंच पर ब्रिटिश रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगी।

प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने कहा:

भारत और ब्रिटेन के बीच की महान सहभागिता आर्थिक सहयोग से परे ‘द बोर्ड्स ऑफ द बार्ड’ और ‘द बीचेज ऑफ बॉलीवुड’ तक जाती है। हमारे पास दुनिया भर के कुछ श्रेष्ठ संस्कृति निर्यातक हैं- और यह समय है साथ मिलकर इसका उत्सव मनाने का।

इस सांस्कृतिक संसर्ग के प्रारंभ को चिह्नित करने के लिए, ब्रिटिश लाइब्रेरी अपने दक्षिण एशियाई अभिलेखों के 200,000 पेजों का डिजिटलीकरण करेगा। भारतीय मुद्रण के दो शतक एक बड़े कार्यक्रम के अंग होंगे, जो ब्रिटिश लाइब्रेरी में 1714 से 1914 तक की रक्षित भारतीय मुद्रित पुस्तकों के भंडार को विश्वभर में किसी के लिए भी सुलभ बना देगा।

मैडम तुसाद- जिनकी बॉलीवुड मूर्तियां लंदन में बेहद लोकप्रिय हैं- ने भी नई दिल्ली में अपने पहले भारतीय उपक्रम की घोषणा की है, जिसे 2017 में प्रारंभ किया जाना है।

भारतीय महानगरों में अन्य ब्रिटिश लोकप्रिय समूहों- जैसे सी लाइफ एक्वेरियम तथा लीगोलैंड डिस्कवरी सेंटर्स को रोल आउट करते हुए अभिभावक समूह मर्लिन ने भारत में 10 वर्षों में 5 करोड़ पाउंड के निवेश का लक्ष्य रखा है।

इस कार्यक्रम के एक अंग के रूप में दो सर्वश्रेष्ठ ब्रिटिश ग्रंथों का भारत भ्रमण भी कराया जाएगा। ब्रिटिश लाइब्रेरी द्वारा शेक्सपीयर के फर्स्ट फोलियो- जो बार्ड के नाट्य का प्रथम संकलन है, तथा मैग्ना कार्टा के 1225 संस्करण का प्रदर्शन किया जाएगा।

भारत का एक प्रमुख संग्रहालय- सीएसएमवीएस मुंबई- ब्रिटिश म्यूजियम से कुछ चीजें उधार लेकर उनका उपयोग करते हुए, विश्व इतिहास के संदर्भ में भारतीय सभ्यता की कहानी सुनाएगा।

भारतीय पर्यटकों के लिए ब्रिटेन पहले से ही एक पसंदीदा गंतव्य स्थल रहा है। गत वर्ष भारत से ब्रिटेन में भ्रमण का कीर्तिमान 400,000 तक पहुंचा, और 2015 के पूर्वार्ध में भारतीय पर्यटकों ने वहां अपने रहने पर 19.9 करोड़ पाउंड व्यय किए हैं।

संस्कृति मंत्री जॉन व्हीटिंगडेल ने कहा:

ब्रिटेन का भारत के साथ अविश्वसनीय रूप से विशिष्ट संबंध रहा है- न केवल आर्थिक और हमारे अतीत के संपर्कों के माध्यम से- बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी- हमारे संगीत, हमारे थियेटर, हमारे डिजाइनों तथा अन्य बहुत सी चीजों के द्वारा।

भारत-ब्रिटेन का यह साझा सांस्कृतिक वर्ष - इस सक्रिय सांस्कृतिक सहभागिता को मजबूती प्रदान करने तथा महान कलाओं के सृजन के लिए अधिक अभिनव विधियों द्वारा साथ मिलकर काम करने के उद्देश्य से- हमारे दोनों देशों के लिए एक महान अवसर है।

2017 भारत-ब्रिटेन संस्कृति वर्ष के अंतर्गत आयोजित होंगे:

ब्रिटेन में भारत महोत्सव

भारतीय सांस्कृतिक संगठनों द्वारा ब्रिटेन में कला और संस्कृति के एक बहुआयामी उत्सव का आयोजन।

मैग्ना कार्टा भ्रमण

ब्रिटिश लाइब्रेरी के मैग्ना कार्टा 1225 संस्करण को भारत लाया जाएगा। इस प्रदर्शन के साथ ही सार्वजनिक समारोहों के अवसर भी आयोजित किए जाएंगे जिनमें वार्ताएं, वाद-विवाद तथा प्रदर्शन सम्मिलित होंगे।

भारत और विश्व

सीएसएमवीएस मुंबई में एक प्रदर्शनी, जिसमें एक संकलन का एक साथ प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें कुछ चीजें ब्रिटिश म्यूजियम से उधार ली जाएंगी, तथा अन्य निजी संकलनों तथा भारत के संग्रहालय संकलनों से हैं। इसके तहत विश्व इतिहास में इसी प्रकार के अन्य प्रसंगों के व्यापक संदर्भ में भारतीय इतिहास तथा सभ्यता की कहानी कही जाएगी।

ब्रिटिश लाइब्रेरी के तत्वावधान में शेक्सपीयर के फर्स्ट फोलियो का भारत भ्रमण

द फर्स्ट फोलियो विलियम शेक्सपीयर के नाटकों का प्रथम संकलित संस्करण है, जिसे उनकी मृत्यु के 7 वर्षों बाद संकलित तथा प्रकाशित किया गया। ऐसा अनुमान है कि लगभग 750 फर्स्ट फोलियो मुद्रित किए गए, जिनमें से ज्ञात रूप से विश्वभर में फिलहाल 233 मौजूद हैं। वर्तमान में ब्रिटिश लाइब्रेरी के पास 5 हैं।

मैनचेस्टर म्यूजियम में भारत प्रदर्शनी तथा भारत दीर्घा

मैनचेस्टर म्यूजियम में भारतीय दीर्घा प्रारंभ करने से पहले एक भारत प्रदर्शनी आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है।

प्रधानमंत्री (12-13 नवंबर को) ब्रिटेन में भारतीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी कर रहे हैं। वे दोनों वेंबली स्टेडियम में भारतीय तथा ब्रिटिश रचनात्मक कलाओं के एक आयोजन में सम्मिलित हो रहे हैं, जहां हजारों लोगों के मौजूद होने की संभावना है।

संपादकों के लिए नोट

  • भारत-ब्रिटेन सांस्कृतिक वर्ष एक क्यूरेटेड कार्यक्रम होगा, जिसमें भारत तथा ब्रिटेन भर के दर्शकों को प्रेरणादायी, आकर्षक तथा विविध प्रकार की कलाओं, संगीत, थियेटर, डिजाइन, प्रदर्शन कलाओं, फिल्म तथा साहित्य के आस्वादन के अवसर मिलेंगे।
  • ब्रिटेन में भारत के कार्यक्रमों का आयोजन भारत के संस्कृति मंत्रालय, नेहरु केंद्र तथा ब्रिटेन में अन्य भारतीय सांस्कृतिक संगठनों द्वारा, सहयोगी के तौर पर ब्रिटिश काउंसिल के साथ मिलकर काम करते हुए, किया जाएगा।
  • ब्रिटिश लाइब्रेरी में विश्व में दक्षिण एशियाई साहित्य का सबसे बेहतरीन संकलन मौजूद है। इस परियोजना के तहत एशियाई भाषाओं की पुस्तकों के 70 लाख पृष्ठों के डिजिटल स्वरूप में रूपांतरण के साथ ही पांडुलिपियों के विशिष्ट संकलनों के अलावा लाइब्रेरी के संकलन में मौजूद अन्यान्य सामग्रियों का डिजिटल स्वरूपण भी किया जाना है, जिनमें अभिलेख, दृश्य तथा श्रव्य सामग्रियां भी सम्मिलित हैं।
  • ब्रिटिश भारतीय ब्रिटेन में सबसे बड़े जातीय समूह (15 लाख लोग) का प्रतिनिधित्व करते हैं, और बोली जानेवाली प्रमुख 6 भाषाओं में 3 भारतीय हैं: पंजाबी, बंगाली तथा गुजराती।
प्रकाशित 12 November 2015