भाषण

ब्रिटेन एक महान देश है

ब्रिटेन के उच्चायुक्त सर जेम्स बेवन द्वारा ब्रिटिश वाणिज्य हेतु नई दिल्ली में 9 दिसम्बर 2013 को आयोजित स्वागत समारोह में दिए गए भाषण की लिखित प्रतिलिपि।

यह 2010 to 2015 Conservative and Liberal Democrat coalition government के तहत प्रकाशित किया गया था
Sir James David Bevan KCMG

मैं इस ‘महान’ अभियान की व्याख्या करना चाहता हूं जिसका आज की रात हमलोग उत्सव मना रहे हैं और जिसे आप अनुभव कर रहे हैं। यह संदेश बिल्कुल सरल है: ब्रिटेन एक महान देश है। हमें अपने अतीत पर गौरव और भविष्य पर विश्वास है। हम लोग युनाइटेड किंगडम को महान बनाने वाली चीजों का उत्सव मनाना चाहते हैं। ऐसी कई सारी चीजें हैं।

हमारी विरासत: स्टोनहेंज, हमारे शाही महल, और शेक्सपीयर का ग्लोब थियेटर; हमारी विरासत के अनेक प्रतीक-चिह्नों में से महज इन तीन का मैं यहां उल्लेख कर रहा हूं। हमारी संस्कृति: आप हमारी महान शास्त्रीय कला और साहित्य के बारे में जानते हैं, किन्तु हमारी लोक-संस्कृति भी सम्मोहक रूप से चित्ताकर्षक है। पॉप संगीत के क्षेत्र में , ब्रिटिश कलाकारों का विश्व के कुल संगीत विक्रय में 10% से अधिक योगदान है। फिल्मों के क्षेत्र में, जेम्स बांड तथा हैरी पॉटर ने दुनियाभर को लुभाया है। दुनिया का सबसे अधिक बिकने वाला वीडियो गेम,- ‘ग्रैंड थैफ्ट ऑटो 5’, एक ब्रिटिश कंपनी का उत्पाद है; जिसे मैं खुद भी तब खेलता हूं, जब मुझे थोड़ी ‘वायलेंट थेरेपी’ की जरूरत होती है।

हमारे देहात वाले इलाके महान हैं: इंग्लैंड के 15% देहाती क्षेत्र अपने अनछुए प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध हैं। किसी भारतीय को स्कॉटलैंड की उच्चभूमि तथा वर्ड्सवर्थ लेक डिस्ट्रिक्ट का परिचय देने की आवश्यकता नहीं है।

हमारा खेल महान है: ‘इंग्लिश प्रीमियर लीग’ विश्व का सर्वोत्कृष्ट तथा सर्वाधिक देखा जाने वाला फुटबॉल लीग है। स्कॉटलैंड कई भारतीयों के प्रिय खेल ‘गोल्फ’ का घर माना जाता है, (तथा, निश्चित रूप से, बहुत से भारतीयों की पसंदीदा शराब निर्माण स्थली भी)। आप गौर करेंगे कि मैंने क्रिकेट का जिक्र नहीं किया है। ऐसा इसलिए, क्योंकि लेखक आशीष नंदी ने बड़ी बुद्धिमानी से यह कहा है कि, ‘क्रिकेट तो एक भारतीय खेल है, जिसका संयोगवश किसी ब्रिटिश ने आविष्कार किया था’।

ब्रिटेन के आविष्कार महान हैं: वे चीजें जिनका ब्रिटिश लोगों ने आविष्कार किया- टेलीविजन, पेंसिल, टेलीफोन, एसएमएस संदेश सेवा, प्रकाश बल्ब, रेलवे, भाप इंजिन, हॉवरक्राफ्ट, पेनिसिलीन, गुरुत्व का सिद्धांत, जेट इंजिन, रडार, देशांतर, लंबवत उड़ान भरने वाले विमान, क्रमिक विकास का सिद्धांत, बंगी जंपिंग, तथा इंटरनेट इसमें शामिल हैं। इसमें वह ब्रिटिश आविष्कार शामिल करना न भूलें, जिसने विश्व की प्रसन्नता बढ़ाने में संभवतः अन्य किसी भी वस्तु से अधिक योगदान दिया- ‘स्टिकी टॉफी पुडिंग’।

व्यापार: ब्रिटेन विश्व के सबसे अधिक व्यापार-हितैषी स्थानों में एक है, ऐसा इसलिए- क्योंकि मैं यह कहते हुए बहुत प्रसन्नता का अनुभव करता हूं, कि भारतीयों ने ब्रिटेन में शेष संपूर्ण यूरोपीय संघ में किए गए संपूर्ण विदेशी पूंजी-निवेश से अधिक निवेश किया है। ब्रिटेन में किसी व्यापार को स्थापित करने में केवल 13 दिन लगते हैं। पहले से ही जी8 देशों में हमारा कॉरपोरेशन टैक्स सबसे न्यूनतम है: 2015 तक यह जी20 देशों में सबसे न्यूनतम हो जाएगा। संयुक्त राज्य को छोड़कर, हम विश्व के किसी भी अन्य देश से अधिक एफडीआइ निवेश आकर्षित करते हैं। अगर आप विश्वस्तरीय होना चाहते हैं, तो इसके लिए ब्रिटेन सही जगह है।

हमें अपने उद्यमियों पर गर्व है: सर रिचर्ड ब्रैनसन ऑफ वर्जिन, फैशन डिजाइनर सर पॉल स्मिथ, और डाइसन वैक्यूम क्लीनर जैसे क्रांतिकारी घरेलू उत्पाद के आविष्कारक जेम्स डाइसन जैसे लोग हमारे यहां के हैं। सचमुच, डाइसन अभियांत्रिकी का एक सुरुचिपूर्ण नमूना है जिसने ब्रिटेन में एक ऐसा चमत्कार प्रस्तुत किया जो किसी की कल्पना में भी संभव नहीं था- मर्दों को घर की सफाई करने की जहमत उठाते देखना। हमें अपने डिजाइनरों पर गर्व है: अगर आपके पास एक आइपैड या आइफोन है, तो इसे एक ब्रिटिश जोनाथन ईव ने डिजाइन किया था।

हमारी टेक्नॉलॉजी महान है: हाल ही में भारत ने फार्मूला वन ग्रैंड प्रिक्स की मेजबानी की है: जो फार्मूला वन कारें हमने तेज रफ्तार से नोएडा के रेस ट्रैक पर चक्कर लगाते हुए देखीं, उसमें से हरेक की श्रेष्ठ विकसित टेक्नोलॉजी पूर्णतः ब्रिटिश है। आपके मोबाइल फोन में निश्चित रूप से एक चिप होगा जो कैम्ब्रिज में स्थित एआरएम नामक एक ब्रिटिश कंपनी द्वारा डिजाइन किया गया है। मुझे यह मालूम है क्योंकि दुनिया भर के 95% फोन में यही चिप मौजूद है।

हमें अपने ज्ञान पर गर्व है: विश्व के दस सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में चार विश्वविद्यालयों के साथ ब्रिटेन प्रथम श्रेणी के विश्वविद्यालयों वाला देश भी है। ऑक्सफोर्ड ने अन्य किसी भी विश्वविद्यालय से अधिक विश्व- नायकों को शिक्षित किया है; और कैम्ब्रिज के स्नातकों ने 65 नोबेल पुरस्कार जीते हैं। ब्रिटेन ने सब मिलाकर 120 के लगभग नोबेल पुरस्कार जीते हैं।

इस तरह; देवियों और सज्जनों! हमें यह कहते हुए गर्व है कि ब्रिटेन महान है। हम ब्रिटिश लोगों के लिए यह भी स्पष्ट है कि भारत भी महान है। आपके सुंदर देश के 28 राज्यों में घूमने के बाद अब मैं इसकी पुष्टि कर सकता हूं। लेकिन जब हमारे ये दोनों देश महान हैं तो साथ- साथ हम अब महानतम हैं। यही कारण है कि ब्रिटिश सरकार ने भारत तथा ब्रिटेन के बीच अपेक्षाकृत अधिक मजबूत, विस्तृत, तथा गंभीर साझेदारी निर्मित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

प्रकाशित 10 December 2013