Skip to main content
मार्गदर्शन

सुनने में कमी (Hindi)

अपडेट किया गया 3 जून 2026

Applies to England

यह छोटी सी वीडियो नवजात शिशुओं में सुनने में कमी के लिए स्क्रीनिंग के बारे में बताता है।

सुनने में कमी

NHS द्वारा सुनने में कमी के लिए स्क्रीनिंग की सिफारिश की जाती है।

स्क्रीनिंग का उद्देश्य

हम यह स्क्रीनिंग उन बच्चों का पता लगाने के लिए देते हैं जिन्हें सुनने में कमी है ताकि शुरू से ही देखभाल, सहायता और सलाह दी जा सके।

इस स्थिति के बारे में

हर 1,000 में से 1 से 2 बच्चे एक या दोनों कानों में स्थायी सुनने की कमी (परमानेंट हियरिंग लॉस) के साथ पैदा होते हैं। यह संख्या उन 100 में से 1 बच्चे (1%) तक बढ़ जाती है जिन्होंने कम से कम 48 घंटे विशेष देखभाल इकाई (स्पेशल केयर यूनिट) में बिताए हैं। इनमें से अधिकतरबच्चे ऐसे परिवारों में पैदा होते हैं, जहाँ सुनने में कमी का कोई इतिहास नहीं है।

स्थायी सुनने की कमी (परमानेंट हियरिंग लॉस) बच्चे के विकास को महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित कर सकती है। सुनने में कमी का शीघ्र पता लगने से बच्चों को भाषा, बोलने और बातचीत (कम्युनिकेशन) कौशल विकसित करने का बेहतर मौका मिलता है। यह सुनिश्चित करने में मदद करता है कि उनके परिवारों को वह सहायता मिले जिसकी उन्हें ज़रूरत है। यह बच्चों को कम उम्र से ही अपने परिवार और देखभाल करने वालों (केयरर) के साथ रिश्तों का ज़्यादा से ज़्यादा लाभ उठाने में मदद करेगा।

स्क्रीनिंग जाँच

नवजात शिशु की सुनने की स्क्रीनिंग जाँच आपके बच्चे को या तो अस्पताल से छुट्टी (डिस्चार्ज) मिलने से पहले, या जब आप घर पर हों, तब दी जाएगी। वैकल्पिक रूप से, आपको एक क्लिनिक अपॉइंटमेंट में आने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। आदर्श रूप से, स्क्रीनिंग जाँच पहले 4 हफ्तों में की जानी चाहिए, लेकिन यह 3 महीने की उम्र तक किसी भी समय की जा सकती है।

स्क्रीनिंग जाँच, जिसे AOAE (ऑटोमेटेड ओटोअकॉस्टिक इमिशन) कहा जाता है, में कुछ मिनट लगते हैं। एक नरम नोक (टिप) वाला छोटा इयरपीस आपके बच्चे के कान में रखा जाता है और हल्की क्लिक-क्लिक की आवाज़ें बजाई जाती हैं। जब कान आवाज़ सुनता है, तो अंदरूनी हिस्सा (जिसे कोक्लिया कहा जाता है) प्रतिक्रिया करता है। इसे स्क्रीनिंग उपकरण द्वारा पकड़ा जा सकता है।

पहली स्क्रीनिंग जाँच से हमेशा स्पष्ट प्रतिक्रियाएँ (रिस्पॉन्स) मिलना संभव नहीं होता है। इसका मतलब यह ज़रूरी नहीं है कि आपके बच्चे को सुनने में कमी है। इसका यह मतलब हो सकता है:

  • जाँच के समय आपका बच्चा बेचैन था
  • आसपास शोर (बैकग्राउंड नॉइज़) था
  • आपके बच्चे के कान में तरल पदार्थ या अस्थायी रुकावट (टेम्पररी ब्लॉकेज) है - यह बहुत आम है और समय के साथ ठीक हो जाता है
  • आपके बच्चे को सुनने में कमी है

यदि आपके बच्चे से स्पष्ट प्रतिक्रिया (रिस्पॉन्स) नहीं मिलती है, तो उसे एक और स्क्रीनिंग जाँच की पेशकश की जाएगी। यह पहली स्क्रीनिंग जाँच जैसी ही हो सकती है, या AABR (ऑटोमेटेड ऑडिटरी ब्रेनस्टेम रिस्पॉन्स) नामक एक अन्य प्रकार की जाँच हो सकती है।

इसमें 3 छोटे सेंसर आपके बच्चे के माथे, गर्दन के पीछे और कंधे पर लगाए जाते हैं। आपके बच्चे के कानों पर नरम हेडफोन लगाए जाते हैं और हल्की क्लिक-क्लिक की आवाज़ें बजाई जाती हैं। स्क्रीनिंग उपकरण यह बता पाएगा कि आपके बच्चे की सुनने की नस (नर्व) आवाज़ों पर प्रतिक्रिया (रिस्पॉन्ड) करती है या नहीं। इससे हमें यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि आपके बच्चे को सुनने में कमी है या नहीं।

इस स्क्रीनिंग जाँच में 15 मिनट तक लग सकते हैं। आपके बच्चे का शांत या सोया हुआ होना ज़रूरी है।

जाँच की सुरक्षा

इस स्क्रीनिंग जाँच को कराने से जुड़े कोई जोखिम नहीं हैं।

स्क्रीनिंग कराना आपका चयन है

आपके बच्चे के लिए इस स्क्रीनिंग जाँच की सिफारिश की जाती है। आपके बच्चे के विकास के लिए सुनने में कमी का शीघ्र पता लगाना महत्वपूर्ण है।

जाँच न कराना

यदि आप नवजात शिशु की सुनने की स्क्रीनिंग जाँच न कराने का निर्णय लेती हैं, तो आपको जाँच सूचियाँ (चेकलिस्ट) दी जाएँगी, जो आपके बच्चे के बड़े होने पर उसकी सुनने की जाँच करने में आपकी मदद करेंगी। यदि आपको कोई चिंता है, तो आपको अपनी हेल्थ विज़िटर या GP से बात करनी चाहिए।

संभावित परिणाम

यदि आपके बच्चे के दोनों कानों में स्पष्ट प्रतिक्रिया (रिस्पॉन्स) होती है, तो उन्हें स्थायी सुनने की कमी (परमानेंट हियरिंग लॉस) होने की संभावना नहीं है। हालाँकि, नवजात शिशु की सुनने की स्क्रीनिंग सभी प्रकार की सुनने की कमी का पता नहीं लगाती है। साथ ही, बच्चों में सुनने की कमी बाद में भी विकसित हो सकती है। जैसे-जैसे आपका बच्चा बड़ा होता है, उसकी सुनने की जाँच करना महत्वपूर्ण है। आपके बच्चे के व्यक्तिगत बाल स्वास्थ्य रिकॉर्ड (पर्सनल चाइल्ड हेल्थ रिकॉर्ड) (‘रेड बुक’) में दी गई जाँच सूची (चेकलिस्ट) आपको बताती है कि यह कैसे करना है। यदि आपको अपने बच्चे के सुनने के बारे में कोई चिंता है तो अपनी हेल्थ विज़िटर या GP को बताएँ।

यदि स्क्रीनिंग जाँच के परिणाम आपके बच्चे के एक या दोनों कानों से स्पष्ट प्रतिक्रिया (रिस्पॉन्स) नहीं दिखाते हैं, तो सुनने के विशेषज्ञ के साथ ऑडियोलॉजी अपॉइंटमेंट तय की जाएगी।

स्क्रीनिंग जाँच के 4 सप्ताह के भीतर आपके बच्चे को सुनने के विशेषज्ञ को दिखाया जाना चाहिए।

यह बहुत महत्वपूर्ण है कि आप अपने बच्चे को ऑडियोलॉजी अपॉइंटमेंट में लाएँ। ऐसा इसलिए है क्योंकि यदि उन्हें सुनने में कमी है, तो उन्हें संभावित कारण का पता लगाने के लिए अन्य जाँचों की आवश्यकता हो सकती है। ये जाँचें जन्म के पहले कुछ हफ्तों के भीतर की जानी ज़रूरी हैं।

हर 100 में से लगभग 2 से 3 बच्चे (2 से 3%) स्क्रीनिंग जाँचों पर स्पष्ट प्रतिक्रिया (रिस्पॉन्स) नहीं दिखाते हैं।

ऑडियोलॉजी क्लिनिक में जाँचे गए 15 में से लगभग 1 बच्चे (7%) को एक या दोनों कानों में स्थायी सुनने की कमी (परमानेंट हियरिंग लॉस) होती है। कुछ को सुनने में अस्थायी कमी हो सकती है।

मेरे परिणाम प्राप्त करना

सुनने की स्क्रीनिंग जाँच होते ही आपको अपने बच्चे के परिणाम दे दिए जाएँगे।