मधुमेह (डायबिटिक) नेत्र स्क्रीनिंग (Hindi)
अपडेट किया गया 3 जून 2026
Applies to England
NHS द्वारा मधुमेह (डायबिटिक) नेत्र स्क्रीनिंग की सिफारिश की जाती है।
स्क्रीनिंग का उद्देश्य
मधुमेह (डायबिटिक) नेत्र स्क्रीनिंग मधुमेह संबंधी रेटिनोपैथी (डायबिटिक रेटिनोपैथी) और मधुमेह (डायबिटीज़) के कारण होने वाली आँखों की अन्य समस्याओं के संकेतों की जाँच करती है और यदि आप गर्भवती हैं और आपको टाइप 1 या टाइप 2 मधुमेह (डायबिटीज़) है तो आपकी आँखों के स्वास्थ्य की निगरानी (मॉनिटर) करती है।
कुछ महिलाओं को गर्भावस्था में बाद में (28 सप्ताह या अधिक) गर्भावधि मधुमेह (जेस्टेशनल डायबिटीज़) हो जाता है। गर्भावधि मधुमेह (जेस्टेशनल डायबिटीज़) का इलाज आहार में बदलाव के माध्यम से किया जा सकता है और आमतौर पर बच्चे के जन्म के बाद यह ठीक हो जाता है। यदि आपको गर्भावधि मधुमेह (जेस्टेशनल डायबिटीज़) होता है तो आपको मधुमेह (डायबिटिक) नेत्र स्क्रीनिंग की पेशकश नहीं की जाएगी।
इस स्थिति के बारे में
मधुमेह संबंधी रेटिनोपैथी (डायबिटिक रेटिनोपैथी) तब होती है जब मधुमेह (डायबिटीज़) आँख के पीछे रेटिना में छोटी रक्त वाहिकाओं को प्रभावित करता है। मधुमेह (डायबिटीज़) वाले सभी लोगों को नेत्र स्क्रीनिंग की पेशकश की जाती है, लेकिन जब आप गर्भवती होती हैं तो स्क्रीनिंग बहुत महत्वपूर्ण होती है क्योंकि आँखों की गंभीर समस्याओं का जोखिम अधिक होता है।
स्क्रीनिंग जाँच
आपको अपनी पहली प्रसवपूर्व (एंटेनेटल) क्लिनिक विज़िट पर या उसके तुरंत बाद और गर्भावस्था के 28 सप्ताह के बाद भी स्क्रीनिंग की पेशकश की जाएगी। यदि पहली स्क्रीनिंग में रेटिनोपैथी के शुरुआती चरण पाए जाते हैं, तो आपको गर्भावस्था के 16 से 20 सप्ताह के बीच एक और जाँच की पेशकश की जाएगी। यदि किसी भी स्क्रीनिंग में महत्वपूर्ण रेटिनोपैथी पाई जाती है, तो आपको एक नेत्र विशेषज्ञ के पास भेजा (रेफर) जाएगा।
गर्भावस्था के दौरान स्क्रीनिंग जाँच अन्य सभी समयों पर नियमित स्क्रीनिंग के समान ही होती है।
स्क्रीनिंग स्टाफ आपका विवरण और दृष्टि का स्तर दर्ज करेगा। वे आपकी आँखों में बूँदें (ड्रॉप्स) डालेंगे ताकि आपकी पुतलियाँ (प्यूपिल्स) बड़ी हो जाएँ और रेटिना को अधिक स्पष्ट रूप से देखा जा सके। फिर वे आपके रेटिना के डिजिटल चित्र (फोटोग्राफ) लेते हैं।
यदि चित्र (इमेजिस) पर्याप्त स्पष्ट नहीं हैं, तो आपको एक अलग जाँच के लिए एक नेत्र विशेषज्ञ के पास भेजा (रेफर) जाएगा।
जाँच की सुरक्षा
चित्र (फोटोग्राफ) दर्दरहित होता है और कैमरा आँख के संपर्क में नहीं आता है। आँखों की बूँदें (ड्रॉप्स) कुछ सेकंड के लिए चुभ सकती हैं और जाँच के बाद 2 से 6 घंटे तक धुँधली दृष्टि का कारण बन सकती हैं। अपने सभी सामान्य चश्मे अपने साथ ले जाएँ।
घर पर पहनने के लिए अपने साथ धूप का चश्मा (सनग्लासेस) ले जाएँ, क्योंकि स्क्रीनिंग जाँच के बाद सब कुछ बहुत उज्ज्वल दिख सकता है।
घर वापस जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन (पब्लिक ट्रांसपोर्ट) का उपयोग करने या किसी से लिफ्ट लेने की व्यवस्था करें। आपको स्क्रीनिंग के बाद गाड़ी नहीं चलानी चाहिए क्योंकि आँखों की बूँदें (ड्रॉप्स) दृष्टि को धुँधला कर सकती हैं।
बहुत कम ही, बूँदें (ड्रॉप्स) आँख के भीतर दबाव में अचानक, नाटकीय वृद्धि का कारण बन सकती हैं। दबाव बढ़ने के लक्षणों में निम्नलिखित शामिल हैं:
- आँख में दर्द या गंभीर असुविधा
- आँख के सफेद हिस्से का लाल होना
- लगातार धुँधली दृष्टि
यदि आप स्क्रीनिंग के बाद इनमें से किसी भी लक्षण का अनुभव करती हैं, तो आपको नेत्र इकाई (आई यूनिट) में वापस जाना चाहिए या दुर्घटना और आपातकालीन (एक्सीडेंट एंड इमरजेंसी) विभाग में जाना चाहिए।
स्क्रीनिंग कराना आपकी पसंद है
यदि आपको गर्भवती होने से पहले से ही मधुमेह (डायबिटीज़) था, तो इस जाँच की पुरज़ोर सिफारिश की जाती है।
नेत्र स्क्रीनिंग आपके मधुमेह (डायबिटीज़) के प्रबंधन का एक हिस्सा है और मधुमेह संबंधी रेटिनोपैथी (डायबिटिक रेटिनोपैथी) उपचार योग्य है, खासकर यदि इसे जल्दी पकड़ लिया जाए।
जाँच न कराना
मधुमेह (डायबिटीज़) वाले लोग नेत्र स्क्रीनिंग अपॉइंटमेंट में शामिल न होने का निर्णय ले सकते हैं।
यदि आप जाँच न कराने का निर्णय लेती हैं, तो आपको गर्भावस्था के दौरान आपके मधुमेह (डायबिटीज़) की देखभाल करने वाले चिकित्सक (क्लिनिशियन) को सूचित करना चाहिए।
संभावित परिणाम
यदि आप स्क्रीनिंग जाँच कराती हैं, तो संभावित परिणाम यह हैं:
- कोई रेटिनोपैथी नहीं
- रेटिनोपैथी के शुरुआती लक्षण
- अधिक गंभीर रेटिनोपैथी जिसके लिए विशेषज्ञ के पास भेजे (रेफरल) जाने की आवश्यकता होती है
यदि आपकी जाँच में रेटिनोपैथी के शुरुआती लक्षण दिखाई देते हैं, तो आपका स्वास्थ्य पेशेवर आपको गर्भावस्था के दौरान आपके मधुमेह (डायबिटीज़) की देखभाल करने के बारे में सलाह देगा। फिर आपको अपनी गर्भावस्था के दौरान अतिरिक्त स्क्रीनिंग जाँचों के लिए आमंत्रित किया जाएगा। यदि आप धूम्रपान करती हैं, तो इसे छोड़ने या कम से कम कम करने के लिए मदद लें।
यदि जाँच से पता चलता है कि आपको रेफर करने योग्य रेटिनोपैथी है, तो आपको एक नेत्र विशेषज्ञ के साथ एक अपॉइंटमेंट मिलेगी।
मेरे परिणाम प्राप्त करना
आपकी स्क्रीनिंग अपॉइंटमेंट के बाद 6 सप्ताह के भीतर आपको और आपके GP को एक पत्र भेजा जाएगा।
NHS.UK पर अधिक जानकारी और सहायता समूहों का विवरण प्राप्त करें।