11 शारीरिक स्थितियाँ (20 सप्ताह का स्कैन) (Hindi)
अपडेट किया गया 3 जून 2026
Applies to England
यह छोटी सी वीडियो गर्भावस्था में 11 शारीरिक स्थितियों के लिए स्क्रीनिंग के बारे में बताता है।
11 शारीरिक स्थितियाँ (20 सप्ताह का स्कैन)
स्क्रीनिंग का उद्देश्य
यह स्कैन गर्भावस्था के 18 सप्ताह और 20 सप्ताह जमा 6 दिनों के बीच होता है। इसे साधारण रूप से 20-सप्ताह वाला स्क्रीनिंग स्कैन कहा जाता है।
यह स्कैन आपके बच्चे में 11 अलग-अलग स्थितियों की जाँच करता है। यह हर उस चीज़ का पता नहीं लगा सकता जो शायद एक समस्या हो।
इन स्थितियों के बारे में
स्कैन आपके बच्चे के मस्तिष्क, चेहरे, हृदय, हड्डियों, रीढ़, पेट और गुर्दों को विस्तार से देखेगा।
अधिकतर मामलों में, स्कैन दिखाएगा कि आपका बच्चा अपेक्षा के अनुसार विकसित हो रहा है। हालाँकि, कभी-कभी किसी स्थिति का पता चलता है या उस पर संदेह होता है। कुछ चीज़ें दूसरों की तुलना में अधिक स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं। उदाहरण के लिए, कुछ बच्चों को ओपन स्पाइना बिफिडा नामक स्थिति होती है, जो रीढ़ की हड्डी को प्रभावित करती है।
स्पाइना बिफिडा को आमतौर पर स्कैन पर स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। इस स्थिति वाले लगभग 10 में से 9 बच्चों (90%) में, स्कैन द्वारा इसका पता लगा लिया जाएगा।
हृदय की स्थितियों को देखना अधिक कठिन होता है। स्कैन उन बच्चों में से लगभग आधे (50%) का पता लगा पाएगा जिन्हें हृदय की स्थिति है।
कुछ स्थितियाँ जो स्कैन पर देखी जा सकती हैं, उनका अर्थ होगा कि बच्चे को जन्म के बाद उपचार या सर्जरी की आवश्यकता हो सकती है (उदाहरण के लिए क्लेफ्ट लिप अर्थात कटा होंठ)। कम संख्या के मामलों में, कुछ बहुत गंभीर स्थितियाँ पाई जाती हैं। उदाहरण के लिए, हो सकता है कि बच्चे का मस्तिष्क, गुर्दे, आंतरिक अंग या हड्डियाँ ठीक से विकसित न हुई हों। कुछ बहुत ही गंभीर दुर्लभ मामलों में, जहाँ कोई उपचार संभव नहीं है, बच्चे की जन्म के तुरंत बाद या गर्भावस्था के दौरान मृत्यु हो जाएगी।
NHS.UK पर इस स्कैन के दौरान जाँची जाने वाली मुख्य स्थितियों के बारे में अधिक विस्तृत जानकारी है।
स्क्रीनिंग जाँच
अधिकतर स्कैन विशेष रूप से प्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा किए जाते हैं जिन्हें सोनोग्राफर कहा जाता है।
आपके बच्चे के स्पष्ट दृश्यों को पाने के लिए, स्कैन एक कम रोशनी वाले कमरे में किया जाता है। सोनोग्राफर को स्क्रीन को सीधे अपनी ओर या एक कोण पर रखने की आवश्यकता हो सकती है।
- आपसे एक काउच पर लेटने के लिए कहा जाएगा।
- आपसे अपनी टॉप को अपनी छाती तक उठाने और अपनी स्कर्ट या पतलून को अपने कूल्हों तक नीचे करने के लिए कहा जाएगा।
- आपके कपड़ों को अल्ट्रासाउंड जेल से बचाने के लिए उनमें टिशू पेपर लगाया जाता है। जेल आपके पेट पर लगाया जाता है। यह जेल ठंडा हो सकता है।
- सोनोग्राफर आपके बच्चे के शरीर की सावधानीपूर्वक जाँच करने के लिए प्रोब नामक एक हाथ में पकड़े जाने वाले उपकरण को आपके पेट पर घुमाता है। जेल यह सुनिश्चित करता है कि प्रोब और आपकी त्वचा के बीच अच्छा संपर्क हो।
इस अपॉइंटमेंट में आमतौर पर लगभग 30 मिनट लगते हैं।
स्कैन कराने में दर्द नहीं होता है। हालाँकि, आपके बच्चे के स्पष्ट दृश्य पाने के लिए सोनोग्राफर को हल्का दबाव डालने की आवश्यकता हो सकती है। यह असुविधाजनक हो सकता है। फिर आपके बच्चे का एक काला और सफेद चित्र अल्ट्रासाउंड स्क्रीन पर देखा जाएगा।
सोनोग्राफर स्कैन के दौरान शांत रह सकता है। उनके लिए ध्यान केंद्रित कर पाना महत्वपूर्ण है ताकि वे अच्छी गुणवत्ता वाला स्कैन कर सकें।
आपके स्कैन के दौरान सोनोग्राफर स्टाफ के किसी अन्य सदस्य से दूसरी राय माँग सकता है।
कभी-कभी अपने शिशु को स्पष्ट रूप से देख पाना कठिन होता है। ऐसा इसलिए हो सकता है क्योंकि आपका बच्चा अजीब स्थिति में लेटा हुआ है, या आपका वज़न औसत से अधिक है। इसका मतलब यह नहीं है कि चिंता की कोई बात है।
यदि ऐसा होता है, तो आपको गर्भावस्था के 23 सप्ताह तक दूसरे स्कैन की पेशकश की जाएगी। सोनोग्राफर इस अगली अपॉइंटमेंट पर स्कैन को पूरा करने का प्रयास करेगा, लेकिन यह हमेशा संभव नहीं होता है।
कभी-कभार, यह दूसरा स्कैन पूरा नहीं हो पाता है। यदि ऐसा होता है, तो आपको एक और स्क्रीनिंग स्कैन की पेशकश नहीं की जाएगी। जन्म के बाद आपके बच्चे की शारीरिक जाँच होगी।
आपके बच्चे के लिंग का पता लगाना इस स्कैन का उद्देश्य नहीं है, परन्तु अधिकतर अस्पताल आपको बताएँगे यदि यह देखना आसान है। यदि आपके बच्चे का लिंग नहीं देखा जाता है तो आपको दूसरा स्कैन ऑफ़र नहीं किया जाएगा।
जब आप स्कैन अपॉइंटमेंट के लिए आती हैं तो हो सकता है कि आपका मूत्राशय भरा (फुल ब्लैडर) होना ज़रूरी हो। आपकी अपॉइंटमेंट लेते समय यह स्पष्ट किया जाना चाहिए। यदि आप निश्चित नहीं हैं, तो आप अस्पताल से संपर्क कर सकती हैं।
आप यह भी चाह सकती हैं कि कोई आपके साथ अपॉइंटमेंट पर आए। अधिकतर अस्पताल बच्चों को स्कैन में शामिल होने की अनुमति नहीं देते हैं। कृपया अपनी अपॉइंटमेंट से पहले अपने अस्पताल से इस बारे में पूछें।
जाँच की सुरक्षा
अल्ट्रासाउंड स्कैन कराने से आपको या आपके बच्चे को कोई ज्ञात जोखिम नहीं है। यह महत्वपूर्ण है कि आप ध्यान से सोचें कि आप स्कैन कराना चाहती हैं या नहीं। स्कैन ऐसी जानकारी प्रदान कर सकता है जिसका अर्थ है कि आपको आगे और महत्वपूर्ण निर्णय लेने होंगे। उदाहरण के लिए, आपको आगे की जाँचों की पेशकश की जा सकती है जिनमें गर्भपात (मिसकैरेज) का जोखिम होता है।
स्क्रीनिंग कराना आपकी पसंद है
आपको स्कैन कराना ज़रूरी नहीं है। कुछ लोग यह जानना चाहते हैं कि क्या उनके बच्चे को 11 शारीरिक स्थितियों में से कोई एक है और कुछ को नहीं।
यदि आप यह स्कैन कराने का विकल्प चुनती हैं, तो आपको परिणामों के आधार पर महत्वपूर्ण व्यक्तिगत निर्णय लेने की आवश्यकता हो सकती है। आप जो भी निर्णय लेंगी, आपकी स्वास्थ्य सेवा टीम द्वारा आपको समर्थन दिया जाएगा।
जाँच न कराना
यदि आप स्कैन न कराने का विकल्प चुनती हैं तो भी आप अपनी नियमित प्रसवपूर्व देखभाल (एंटेनेटल केयर) के अन्य सभी हिस्से प्राप्त कर सकती हैं।
संभावित परिणाम
अधिकतर मामलों में, स्कैन दिखाएगा कि आपका बच्चा अपेक्षा के अनुसार विकसित हो रहा है और उसे जाँची गई 11 शारीरिक स्थितियों में से कोई भी नहीं है।
यदि आपके स्कैन के दौरान किसी भी आशा न की जाने वाली परिस्थिति के बारे में आपको हमेशा बताया जाएगा।
स्कैन सभी स्थितियों का पता नहीं लगा सकते हैं। हमेशा एक मौका होता है कि एक बच्चा ऐसी स्थिति के साथ पैदा हो सकता है जिसे स्कैन पर नहीं देखा जा सका।
आगामी जाँचें
आपको यह निश्चित रूप से पता लगाने के लिए एक और जाँच की पेशकश की जा सकती है कि क्या आपके बच्चे को कोई एक स्थिति है।
यदि आपको आगे की जाँचों की पेशकश की जाती है, तो आपको उनके बारे में अधिक जानकारी दी जाएगी ताकि आप यह तय कर सकें कि आप उन्हें कराना चाहती हैं या नहीं। आप इस बारे में अपनी दाई (मिडवाइफ) या सलाहकार (कंसल्टेंट) से चर्चा कर सकेंगी। यदि आवश्यक हो, तो आपको एक विशेषज्ञ के पास भेजा जाएगा, संभवतः किसी दूसरे अस्पताल में।
मेरे परिणाम प्राप्त करना
सोनोग्राफर आपको उस समय स्कैन के परिणाम बता सकेगा।
NHS.UK पर अधिक जानकारी और सहायता समूहों का विवरण प्राप्त करें।