मार्गदर्शन

ऐब्डोमिनल ऐऑर्टिक ऐन्यरिज़म (उदरीय महाधमनी धमनीविस्फार) (AAA) स्क्रीनिंग - 65 वर्ष और उससे अधिक आयु के पुरुषों के लिए एक निःशुल्क टेस्ट (Hindi)

अपडेट किया गया 9 जनवरी 2026

Applies to England

आप इसका चयन कर सकते हैं कि आपको ऐब्डोमिनल ऐऑर्टिक ऐन्यरिज़म (AAA) स्क्रीनिंग में भाग लेना है या नहीं। इस पत्रक का उद्देश्य आपको निर्णय लेने में सहायता करना है।

NHS आपको AAA स्क्रीनिंग क्यों प्रदान करता है

ऐब्डोमिनल ऐऑर्टिक ऐन्यरिज़म (उदरीय महाधमनी धमनीविस्फार) या AAA, आपकी महाधमनी में एक सूजन होती है। महाधमनी मुख्य रक्त नाड़ी है जो हृदय से उदर (पेट) तक रक्त ले जाती है। बड़े एएए (AAAs) गंभीर हो सकते हैं। हम स्क्रीनिंग प्रदान करते हैं ताकि हम ऐन्यूरिज़म (धमनीविस्फार) का शीघ्र पता लगा सकें और उसकी निगरानी या उपचार कर सकें।

यदि आपको AAA है, तो आपको कोई लक्षण महसूस नहीं होंगे।  इसका अर्थ है कि आप साधारतया यह नहीं बता सकते कि आपको यह है या नहीं। इसका पता लगाने का सबसे आसान तरीका आपके पेट का अल्ट्रासाउंड स्कैन कराना है।

हम AAA स्क्रीनिंग के लिए किसे आमंत्रित करते हैं

NHS सभी पुरुषों को उस वर्ष स्क्रीनिंग के लिए आमंत्रित करता है जिस वर्ष में वे 65 वर्ष के हो जाते हैं।  आप को किसी जीपी के साथ पंजीकृत होंना और इंग्लैंड में रहते होना चाहिए। कृपया यह सुनिश्चित करें कि आपके GP के पास निम्नलिखित सहित आपके सही विवरण हों: 

  • नाम  
  • जन्म तिथि 
  • पता 
  • संपर्क नंबर 
  • ईमेल पता।

जिस वर्ष आप 65 वर्ष के होते हैं उस वर्ष यदि आप किसी जीपी के साथ पंजीकृत नहीं थे, या यदि हमारे पास आपके नवीनतम संपर्क विवरण नहीं थे, तो आपका निमंत्रण बाद में (देर से) आ सकता है।

65 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष जिनकी स्क्रीनिंग नहीं हुई है, वे परीक्षण की व्यवस्था करने के लिए अपनी स्थानीय AAA स्क्रीनिंग सेवा से संपर्क कर सकते हैं।

ट्रांस और गैर-बाइनरी लोग (जन्म के लिंग से भिन्न लिंग वाले लोग)

अपने जीपी के साथ स्त्री के रूप में पंजीकृत लोगों को AAA स्क्रीनिंग के लिए आमंत्रित नहीं किया जाता है। ट्रांस और गैर-बाइनरी लोग जिन का लिंग जन्म के समय पुरुष नियत किया गया था और जिनकी आयु 65 वर्ष या उससे अधिक है, वे AAA स्क्रीनिंग के लिए पूछ सकते हैं। आपका जीपी आपके लिए इसकी व्यवस्था करने में सक्षम होगा।

उदरीय महाधमनी धमनीविस्फार (ऐब्डोमिनल ऐऑर्टिक ऐन्यरिज़म) (AAA)

ऐऑर्टा (महाधमनी) मुख्य रक्त वाहिका है जो आपके शरीर को रक्त पहुंचाती है। यह आपके हृदय से होते हुए नीचे आपकी छाती और पेट तक जाती है।

कुछ लोगों में, जैसे-जैसे उनकी आयु बढ़ती है, पेट में महाधमनी की दीवार निर्बल हो सकती है। फिर यह फूलना (गुब्बारे की तरह) शुरू कर सकती है और धमनीविस्फार का रूप ले सकती  है।

यह स्थिति 65 वर्ष और उससे अधिक आयु के पुरुषों में सबसे आम है।

महाधमनी पेट में सूज सकती है और एक AAA बना सकती है

AAA से जोखिम

बड़े धमनीविस्फार दुर्लभ हैं लेकिन बहुत गंभीर हो सकते हैं। जैसे ही महाधमनी की दीवार खिंचती है, यह फट सकती है, जिससे आंतरिक रक्तस्राव हो सकता है।  प्रत्येक 100 में से लगभग 85 लोगों की धमनीविस्फार की दीवार के फट जाने के परिणामस्वरूप मृत्यु हो जाती है।

यदि हमें छोटा या मध्यम धमनीविस्फार का पता चलता है, तो यह महत्वपूर्ण है कि हमें जाँच करते रहना चाहिए यह देखने के लिए कि क्या यह बड़ा हो रहा है या नहीं। यदि आपका AAA छोटा है, तो हम आपको हर 12 महीने में स्कैन के लिए आमंत्रित करेंगे। यदि आपका AAA मध्यम है, तो हम आपको हर 3 महीने में स्कैन के लिए आमंत्रित करेंगे।

AAA स्क्रीनिंग कैसे काम करती है

हम उस जैसे साधारण अल्ट्रासाउंड स्कैन का उपयोग करते हैं, जो गर्भवती औरतों को दिया जाता है। ये बहुत जल्दी हो जाता है। स्कैन में सामान्यतः 10 मिनट से कम समय लगता है।

क्लिनिक में, हम आपके व्यक्तिगत विवरणों की जांच करेंगे और स्कैन के बारे में बताएंगे। आप हमसे कोई भी प्रश्न पूछ सकते हैं।

फिर हम आपसे लेटने के लिए कहेंगे। आपको अपने ऊपर के कपड़ों को ऊपर उठाना होगा या अपनी शर्ट के बटन खोलने होंगे, लेकिन आपको कपड़े उतारने की आवश्यकता नहीं होगी।

हम आपके पेट पर एक ठंडा जेल लगाएंगे। फिर हम स्कैनिंग जांच को आपकी त्वचा पर सरकाएंगे। स्कैन पूरी तरह से दर्द रहित होता है। यह स्क्रीन पर आपकी महाधमनी की तस्वीर दिखाएगा, और हम इसे मापेंगे।

हम आपको आपका परिणाम तुरंत बता सकने में सक्षम होंगे। हम आपके परिणामों की एक प्रति आपके जीपी को भी भेजेंगे।

कभी-कभी स्कैन स्पष्ट नहीं होता है और महाधमनी की ठीक से जाँच नहीं हो पाती है। इसके बारे में चिंता करने की कोई बात नहीं है। आपको दूसरी बार स्कैन करवाने के लिए कहा जाएगा साधारणतः एक दूसरी तिथि पर।

AAA स्क्रीनिंग परिणाम

इसके 4 संभावित परिणाम होते हैं:

  1. AAA नहीं है
  2. AAA छोटा है
  3. AAA मध्यम है
  4. AAA बड़ा है

AAA नहीं पाया गया

यदि आपकी महाधमनी 3 सेमी से कम चौड़ी है, तो इसका मतलब है कि आपको AAA नहीं है। अधिकांश पुरुषों का परिणाम यही होता है।  बाद में आपको किसी उपचार या जांच की आवश्यकता नहीं होती है।  हम आपको दोबारा AAA स्क्रीनिंग के लिए आमंत्रित नहीं करेंगे।

छोटा AAA

यदि आपकी महाधमनी 3 सेमी और 4.4 सेमी के बीच चौड़ी है, तो आपको एक छोटा AAA है। जांच किए गए लगभग 80 पुरुषों में से 1 को छोटा AAA होता है। यह जांच करने के लिए कि क्या यह बड़ा हो रहा है, हम आपको हर 12 महीने में दोबारा स्कैन के लिए आमंत्रित करेंगे।

मध्यम AAA

यदि आपकी महाधमनी 4.5 सेमी और 5.4 सेमी के बीच चौड़ी है, तो आपको मध्यम AAA है। स्क्रीनिंग कराने वाले 500 पुरुषों में से लगभग 1 को मध्यम AAA होता है। यह जांच करने के लिए कि क्या यह बड़ा हो रहा है, हम आपको हर 3 महीने में दोबारा स्कैन के लिए आमंत्रित करेंगे।

बड़ा AAA

यदि आपकी महाधमनी 5.5 सेमी चौड़ी या बड़ी है, तो आपको एक बड़ा AAA है। स्क्रीन किए गए प्रत्येक 2,500 पुरुषों में से लगभग 1 का AAA बड़ा होता है। हम आपको एक विशेषज्ञ टीम के साथ अपॉइंटमेंट प्रदान करेंगे। वे और अधिक स्कैन करेंगे और आपसे संभावित उपचार विकल्पों, आमतौर पर एक ऑपरेशन के बारे में बात करेंगे।

एक छोटे या मध्यम AAA की निगरानी करना                                            

यदि आपको एक छोटा या मध्यम AAA है, तो आपको उपचार की आवश्यकता केवल तभी होगी यदि यह बड़ता है तो।

अपने AAA के आकार की निगरानी करना महत्वपूर्ण है। ऐसा उस स्थिति में होता है यदि यह एक बड़े AAA में विकसित हो जाता है।

अधिकांश AAAs बहुत धीरे-धीरे बड़े होते हैं। छोटे या मध्यम AAA वाले अधिकांश पुरुषों में, हो सकता है कि AAA कभी भी बड़ा विकसित न हो सके और उन्हें उपचार की आवश्यकता नहीं होती है।

हम आपके लिए एक वैस्कुलर नर्स विशेषज्ञ से मिलने के लिए अपॉइंटमेंट की व्यवस्था करेंगे जो आपको AAA के बढ़ने के जोखिम को कम करने के बारे में सलाह देगा। आपका डॉक्टर आपको गोलियाँ भी दे सकता है या आपके द्वारा ली जा रही किसी दवा की समीक्षा भी कर सकता है। आपको अपने रक्तचाप की जांच कराने के लिए कहा जा सकता है।

बड़े AAA का उपचार करना

यदि हमें एक बड़ा AAA का पता चलता है, तो हम आपको एक विशेषज्ञ टीम के पास भेजेंगे। वे और अधिक परीक्षण करेंगे और एक विशेषज्ञ आपके साथ उपचार के विकल्पों पर चर्चा करेगा। यह आम तौर पर आपकी अपॉइंटमेंट के दो महीने के भीतर एक ऑपरेशन होगा, यदि आप यह निर्णय लेते हैं कि आप ऑपरेशन करवाना चाहते हैं।

स्क्रीनिंग में पाए गए एन्यूरिज्म का उपचार आमतौर पर सुरक्षित और बहुत प्रभावी होता है। उपचार से जुड़े जोखिम भी होते हैं। विशेषज्ञ आपको इनके बारे में विस्तार से बताएगा।

उस प्रत्येक व्यक्ति का ऑपरेशन नहीं होगा जिसका AAA बड़ा है।

AAA स्क्रीनिंग के संभावित जोखिम

कोई भी स्क्रीनिंग परीक्षण पूरी तरह से प्रभावी नहीं होता है, लेकिन AAA का पता लगाने के लिए उपयोग किया जाने वाला स्कैन बहुत विश्वसनीय होता है। यदि स्क्रीनिंग में धमनीविस्फार नहीं पाया जाता है तो किसी पुरुष में बड़ा AAA विकसित होना दुर्लभ होता है। AAA स्क्रीनिंग ऐन्यूरिजम के फटने के जोखिम को पूरी तरह से दूर नहीं करती, लेकिन यह आपके जोखिम को कम करने का सबसे अच्छा तरीका है।

स्क्रीनिंग टेस्ट से कोई जोखिम नहीं होता है, लेकिन यदि आपको AAA के उपचार के लिए सर्जरी की आवश्यकता है तो उसमें जोखिम होते हैं। जांच किए गए प्रत्येक 10,000 पुरुषों में से लगभग 30 का ऑपरेशन होता है। औसतन, सर्जरी कराने वाले 67 पुरुषों में से 1 जीवित नहीं बचेगा। इस बात की कम संभावना है कि यदि उपचार न किया गया तो उनका AAA कभी नहीं फटेगा।

AAA होने की किसे अधिक संभावना है

स्त्रियों की तुलना में पुरुषों में AAA होने की संभावना 4 गुना अधिक होती है। यही कारण है कि स्त्रियों को स्क्रीनिंग प्रदान नहीं की जाती है। आयु के साथ ऐन्यूरिजम होने की संभावना भी बढ़ जाती है।

AAA होने की आपकी संभावना तब भी बढ़ सकती है यदि:

  • आप धूम्रपान करते हैं या कभी धूम्रपान करने वाले रहे हैं
  • आपको उच्च रक्तचाप है
  • आपके भाई, बहन या माता-पिता को AAA है या था।

अधिक जानकारी और समर्थन

AAA स्क्रीनिंग के बारे में और अधिक जानकारी के लिए अपनी स्थानीय स्क्रीनिंग सर्विस से संपर्क करें।  यदि आपको अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता है तो अपनी अपॉइंटमेंट से पहले उन्हें सूचित करें। इसमें एक देखभालकर्ता का आपके साथ आना, एक लंबी अपॉइंटमेंट लेना या किसी दूसरी जगह पर जाना शामिल हो सकता है।

आपके आमंत्रण में उनके संपर्क विवरण शामील होंगे।  आप अपनी GP सर्जरी से भी बात कर सकते हैं।

अपनी स्थानीय AAA स्क्रीनिंग सेवा के लिए संपर्क विवरणों का पता करें

यह जानकारी वैकल्पिक प्रारूपों में उपलब्ध है, जिसमें आसानी से पढ़ने योग्य और अन्य भाषाएँ शामिल हैं। इस जानकारी के वैकल्पिक प्रारूप के लिए निवेदन करने के लिए, 0300 311 22 33 पर फोन करें या england.contactus@nhs.netपर ईमेल करें।  

आप यह भी कर सकते हैं: 

Circulation Foundation और British Heart Foundation संवहनी रोगों वाले लोगों की सहायता करते हैं। जिस में AAAs वाले लोग भी शामिल हैं

हम आपको सही समय पर स्क्रीनिंग के लिए आमंत्रित करने के लिए आपके NHS रिकॉर्ड से व्यक्तिगत जानकारी का उपयोग करते हैं। यह जानकारी हमें स्क्रीनिंग कार्यक्रमों को बेहतर बनाने और गुणवत्तापूर्ण देखभाल प्रदान करने में सहायता करती है। हम आपकी जानकारी का उपयोग और उसकी सुरक्षा कैसे करते हैं  इसके बारे में और अधिक पढ़ें।

स्क्रीनिंग से बाहर कैसे निकलें (स्क्रीनिंग न करवानी) के बारे में और अधिक पता लगांए।